वंशिका को न्याय दिलाने हेतु अग्रवाल समाज ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
सुरेन्द्र शर्मा
सीकर (नवयत्न)। जयपुर के प्रताप नगर निवासी मनीष गर्ग की पुत्री वंशिका की 6 जून 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु को लेकर अग्रवाल समाज में गहरा आक्रोश एवं रोष व्याप्त है। इस संबंध में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, जिला सीकर के नेतृत्व में अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर आशीष मोदी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कठोर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि स्थानीय थाने में मामला दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से समाज में असंतोष है तथा अपराधियों को संरक्षण मिलने की आशंका व्यक्त की जा रही है। समाज ने मांग की कि मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाया जाए। अग्रवाल समाज ने राजस्थान की सभी तहसीलों में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर बेटी वंशिका को न्याय दिलाने तथा दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई है। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा एवं न्याय सुनिश्चित करना शासन और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। ज्ञापन कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के बंधु उपस्थित रहे तथा समाज की एकजुटता का परिचय देते हुए न्याय की इस मांग का समर्थन किया। इस अवसर पर अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, जिला सीकर के जिला अध्यक्ष अनिल तोदी, महामंत्री मणि शंकर खेतान, सज्जन अग्रवाल, मुरली मनोहर खेतान, नंदकिशोर काबरा, शुभम मोदी सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।