जनसुनवाई में गैस सिलेंडर आपूर्ति व अधिक वसूली की शिकायत

प्रदीप कुमार सैनी
दांतारामगढ़ (नवयत्न)। उपखंड क्षेत्र में पंचायत समिति सभागार में गुरुवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत सुरेरा के ग्रामीणों ने गैस सिलेंडर आपूर्ति में अनियमितता एवं निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने की शिकायत को लेकर तहसीलदार शैलजा शेखावत को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि सुरेरा गांव में रामगढ़ इंडेन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी द्वारा पिछले करीब तीन महीनों से गैस सिलेंडरों की अनियमित एवं अपर्याप्त आपूर्ति की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने नियमित एवं पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित करवाने की मांग की।
इसके अलावा दूसरे ज्ञापन में अवगत करवाया गया कि गैस सिलेंडर वितरण के दौरान निर्धारित दर से अधिक राशि वसूली जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार दांतारामगढ़ इंडेन गैस एजेंसी द्वारा होम डिलीवरी पर एक सिलेंडर के 980 रुपये लिए जा रहे हैं, जबकि उपभोक्ताओं के अनुसार सिलेंडर की वास्तविक कीमत 958.50 रुपये है। साथ ही गैस डायरी में मूल्य भी अंकित नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने तथा निर्धारित मूल्य पर ही सिलेंडर उपलब्ध करवाने की मांग की। इस दौरान सुरेरा के कई उपभोक्ताओं के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन तहसीलदार को सौंपे गए।
You might also like