फॉर्च्यूनर से आए थे बदमाश, युवक के सिर पर कुल्हाड़ी मारी, मारपीट के बाद किया हमला

श्रीराम तिवाड़ी 
नोखा (नवयत्न)। के रोड़ा गांव में जमीन विवाद को लेकर मारपीट और जानलेवा हमले का मामला दर्ज हुआ है। यह घटना शुक्रवार को नोखा थाने में लखोटिया बास निवासी महावीर मूंदड़ा की रिपोर्ट पर दर्ज की गई। महावीर मूंदड़ा ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि 11 जून की दोपहर को उनका भाई ओमप्रकाश कृष्णा रेजिडेंसी नामक कॉलोनी में गया था। ओमप्रकाश ने महावीर को फोन कर बताया कि अमरचंद मनिहार, राम अवतार मनिहार, संजय भट्टड़, सत्यनारायण भट्टड़ और दो-तीन अन्य लोग वहां आए हुए हैं और उन्हें बुला रहे हैं। परिवादी महावीर मूंदड़ा दोपहर लगभग 3 बजे कॉलोनी पहुंचे, जहां मांगीलाल बिश्नोई निवासी कूदसू भी मौजूद थे। महावीर के पहुंचते ही उनके भाई ओमप्रकाश ने बताया कि उपरोक्त लोग धमकी देकर गए हैं कि वे आधे घंटे बाद वापस आएंगे और उन्हें कॉलोनी में रहने से मना किया है।
इसके कुछ देर बाद एक फॉर्च्यूनर गाड़ी से अमरचंद, राम अवतार, संजय, सत्यनारायण और दो-तीन अन्य लोग नीचे उतरे। उतरते ही उन्होंने महावीर मूंदड़ा के साथ मारपीट शुरू कर दी और कहा कि वे उनकी कॉलोनी का सीमा ज्ञान करवाएंगे। इसी दौरान संजय भट्टड़ ने अपने हाथ में पकड़ी कुल्हाड़ी से महावीर के सिर पर जानलेवा हमला किया, जिससे उनका सिर फट गया।
उनके साथ आए अन्य लोगों ने भी महावीर के साथ मारपीट की। जब उनके भाई ओमप्रकाश और मांगीलाल बिश्नोई उन्हें बचाने आए, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इस घटना में गंभीर रूप से घायल महावीर मूंदड़ा को नोखा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीकानेर रेफर कर
दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी।
You might also like