शादी का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार
प्रवीण कुमार योगी
पाटन (नवयत्न)। पाटन थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर रुपए और जेवरात ठगने के आरोप में 46 वर्षीय सुनिता देवी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 4.50 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस थानाधिकारी रमेश मीणा ने बताया की रैया का बास निवासी प्रकाशचंद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके भाई बनवारी की शादी कराने के नाम पर कुछ लोगों ने करीब तीन लाख रुपए लिए और सुनिता से विवाह कराया। विवाह के बाद भी महिला खर्च के नाम पर रुपए मंगवाती रही।
आरोप है कि 28 फरवरी 2026 को परिवार के खेत पर जाने के दौरान सुनिता घर से 3.22 लाख रुपए नकद तथा सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गई। मामले में पुलिस ने विशेष टीम गठित कर राजस्थान, हरियाणा और मध्यप्रदेश में तलाश के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला शादी का झांसा देकर लोगों का विश्वास जीतती और फिर रुपए व जेवर लेकर फरार हो जाती थी। पुलिस उसके संभावित साथियों और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।