धोबी समाज की बेटी सानिया डॉक्टर बन पिता का सपना करेगी पूरा
जय जांगिड़
झुंझुनू (नवयत्न)। मेहनत, लगन और परिवार के सपनों को साकार करने का एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश करते हुए सानिया बानो ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर डॉक्टर बनने की राह तय कर ली है। हवारियान, धोबी समाज की झुंझुनू से वह संभवतया पहली बेटी है जो डॉक्टर बनने जा रही है, जिससे पूरे समाज में खुशी और गर्व का माहौल है।
सानिया बानो साजिद अली की पुत्री हैं, जिनका पुश्तैनी व्यवसाय कपड़ों की प्रेस और धुलाई का है। सानिया ने झुंझुनू स्थित एलन कोचिंग संस्थान से तैयारी करते हुए दूसरे प्रयास में 571 अंक हासिल कर नीट परीक्षा पास की। पिछले प्रयास में वह महज एक अंक से कट-ऑफ से चूक गई थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और दुगुनी मेहनत के साथ सफलता हासिल की।
सानिया ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, दादा-दादी, परिवारजनों और गुरुजनों को दिया। उन्होंने बताया कि वह कोचिंग के साथ प्रतिदिन 7-8 घंटे नियमित अध्ययन करती थी और सुबह 4 बजे उठकर पढ़ाई शुरू कर देती थी।
सानिया का कहना है कि “बचपन से ही मेरे पापा का सपना था कि मैं डॉक्टर बनूं, और मैंने उनका सपना पूरा करने के लिए पूरी मेहनत की। माता-पिता हमें सफल देखना चाहते हैं, लेकिन उनके सपनों को पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत करनी पड़ती है।”
सानिया की इस उपलब्धि पर समाज के लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।