देश सेवा के बाद गौसेवा में आगे आए रिटायर्ड कैप्टन, गौ चिकित्सालय को दिए 51 हजार रुपए
निसं
बुगाला (नवयत्न) । सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद भी समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे मूंडा की ढाणी तन सौंथली निवासी रिटायर्ड कैप्टन दिलीप सिंह मूंड ने गौवंश की सेवा के लिए सराहनीय पहल की है। उन्होंने सौंथली गांव में संचालित गौ चिकित्सालय के विकास एवं व्यवस्थाओं के लिए 51 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की है।
कैप्टन मूंड ने बताया कि गौवंश की सुरक्षा और उपचार के लिए ग्रामीण स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से उन्होंने यह सहयोग राशि भेंट की है ताकि घायल एवं बीमार गौवंश को समय पर उपचार मिल सके। इससे पहले भी वे जाखल स्थित गोशाला को 1 लाख रुपए का आर्थिक सहयोग दे चुके हैं।
सेना में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद कैप्टन मूंड सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में लगातार योगदान दे रहे हैं। वे सौंथली गांव में संचालित योद्धा ग्रुप के अध्यक्ष भी हैं। उनके नेतृत्व में शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, जरूरतमंदों की सहायता और गौसेवा जैसे विभिन्न सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं।
गौ चिकित्सालय की टीम और ग्रामीणों ने कैप्टन दिलीप सिंह मूंड के इस सहयोग की सराहना करते हुए उनका एवं उनके परिवार का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे कार्य समाज के अन्य लोगों को भी जनहित और गौसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।