पुलिस ने अवैध हुक्का बार पर मारा छापा: हुक्के और नशे युक्त फ्लेवर पैकेट जब्त

डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। राजधानी जयपुर में अवैध रूप से संचालित हुक्का बारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बजाज नगर थाना पुलिस ने रविवार को टोंक रोड स्थित एक हुक्का बार पर छापा मारकर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से अवैध हुक्का संचालन में प्रयुक्त सामग्री और नशे युक्त फ्लेवर पैकेट जब्त करते हुए कैफे के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं हुक्का पीते मिले युवक-युवतियों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि जिले में अवैध हुक्का बारों और नशा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार सिंघल के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त (मालवीय नगर) विनोद कुमार शर्मा के सुपरविजन में विशेष टीम का गठन किया गया।

बजाज नगर थानाधिकारी रामधन डोभाल के नेतृत्व में गठित टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर टोंक रोड स्थित ‘डियोना हुक्का बार कैफे’ पर दबिश दी। पुलिस की अचानक कार्रवाई से कैफे में हड़कंप मच गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने चार हुक्के, चार चिलम, चार पाइप, एक चिमटा, एक कोयला जाली तथा विभिन्न प्रकार के तीन नशेयुक्त फ्लेवर पैकेट बरामद कर जब्त किए। वहीं कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कैफे के मैनेजर मनोज कुमार (28) निवासी 6 जीएमडी जिला श्रीगंगानगर हाल  मैनेजर डियोना हुक्का बार कैफे टोंक रोड को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस जांच के दौरान कैफे में कई युवक-युवतियां हुक्का पीते हुए मिले। पुलिस ने सभी के खिलाफ कोटपा एक्ट एवं अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत चालान बनाकर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान युवाओं में हड़कंप मच गया।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले अवैध हुक्का बारों और कैफे संचालकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे प्रतिष्ठानों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक गिरवर सिंह, कांस्टेबल रामवतार तथा कांस्टेबल महेंद्र सहित बजाज नगर थाना पुलिस के अन्य जवान शामिल रहे।

You might also like