जिले के कई हिस्सों में आया धूल भरा बवंडर, काली पीली आंधी से दिन में हुआ अंधेरा

नवरतन वर्मा
चूरू   (नवयत्न) । जिले में सोमवार को एक बार फिर मौसम ने अचानक करवट ली और तेज धूल भरे तूफान ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। उत्तर दिशा से उठे रेतीले बवंडर ने देखते ही देखते पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। रतनगढ़, तारानगर, रतननगर, भानीपुरा, सरदारशहर सहित जिले के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी और तूफान का असर देखने को मिला।
तेज हवाओं के साथ आई काली-पीली आंधी के कारण दिन में ही अंधेरे जैसे हालात बन गए। धूल के घने गुबार से दृश्यता काफी कम हो गई और सड़क पर चल रहे वाहन चालकों को दिन में ही अपनी हेडलाइटें जलानी पड़ीं। करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने लोगों को घरों और दुकानों में शरण लेने पर मजबूर कर दिया।
तूफान के दौरान चारों ओर धूल का गुबार छा गया, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आंधी के बाद जिले के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई, जिससे वातावरण में फैली धूल बैठ गई और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को मौसम में आए इस बदलाव से बड़ी राहत मिली। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि कुछ समय के लिए जनजीवन प्रभावित रहा, लेकिन आंधी और बारिश के इस दौर ने गर्मी की तपिश पर काफी हद तक लगाम लगा दी।

You might also like