गांव में फायरिंग: युवक के पेट में लगी गोली

श्रीराम तिवाड़ी 

नोखा (नवयत्न)। थाना क्षेत्र के केड़ली गांव में रविवार देर रात एक पारिवारिक विवाद हिंसक हो गया। इस दौरान हुई फायरिंग में केड़ली निवासी बाबूलाल जाट गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पेट में गोली लगी, जिसके बाद प्राथमिक उपचार के लिए नोखा अस्पताल ले जाया गया। वहां से बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया- देर रात एक गाड़ी में सवार कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। यह विवाद इतना बढ़ गया कि बात फायरिंग तक पहुंच गई। इसी दौरान चली गोली बाबूलाल जाट को लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही नोखा पुलिस हरकत में आई। पुलिस उपाधीक्षक जरनैल सिंह और नोखा थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने साक्ष्य एकत्र करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है। पुलिस फायरिंग के कारणों की जांच कर रही है।

 

परिजनों ने नहीं दी रिपोर्ट

 

थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज ने बताया- केडली में देर रात को फायरिंग हुई है। फायरिंग में एक घायल हुआ है। जिसका बीकानेर में इलाज चल रहा है। पुलिस घायल के बयान लेगी और परिजन रिपोर्ट देंगे तब मामला दर्ज कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस फायरिंग के कारणों का पता करने मे जुटी हुई है।

You might also like