अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के वाइब्रेटर रोलर के कंपन से मकानों में दरारें, छत की पट्टियाँ टूटीं ग्रामीणों में रोष
हरीश देवेंदा
नीमकाथाना (नवयत्न)। ग्राम सिरोही की आबादी क्षेत्र स्थित ढाणी रामसिंहवाली के निवासियों ने अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड के प्लांट में चल रहे वाइब्रेटर रोलर के अत्यधिक कंपन के कारण अपने सभी मकानों में आई दरारों और छत की पट्टियों के टूटने की गंभीर शिकायत की है। ग्रामीणों ने अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड के खिलाफ प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर प्लांट से होने वाले कंपन, धूल प्रदूषण और आवासीय मकानों को हुए नुकसान की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सीमेंट प्लांट में संचालित भारी मशीनों और वाइब्रेटर रोलर से उत्पन्न लगातार कंपन के कारण क्षेत्र के कई मकानों में दरारें आ गई हैं तथा छतों की पट्टियां टूट गई हैं। प्रभावित परिवारों का कहना है कि मकान असुरक्षित हो चुके हैं और बरसात के मौसम में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
ज्ञापन में बताया गया है कि कंपनी प्रबंधन ने निरीक्षण के दौरान कंपन से मकानों को नुकसान होने की बात स्वीकार की, लेकिन स्थायी समाधान के बजाय केवल मरम्मत कराने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों ने इसे अपर्याप्त बताते हुए प्रभावित मकानों की तकनीकी जांच, पुनर्निर्माण तथा उचित मुआवजे की मांग की है।
ग्रामीणों ने प्लांट से निकलने वाली धूल, धुएं और प्रदूषण को भी गंभीर समस्या बताया है। उनका कहना है कि वायु प्रदूषण से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जबकि कृषि फसलें, पेड़-पौधे और पशुधन भी प्रभावित हो रहे हैं। सांस लेने में कठिनाई और आंखों में जलन जैसी शिकायतें आम हो गई हैं।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने राज्यपाल, उपखंड अधिकारी और अतिरिक्त जिला कलेक्टर से मांग की है कि फैक्ट्री की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, वायु प्रदूषण, ध्वनि और कंपन का वैज्ञानिक परीक्षण कराया जाए तथा जांच पूरी होने तक आवश्यकतानुसार प्लांट संचालन पर नियंत्रण लगाया जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और राहत प्रदान करने की मांग भी की गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की जनहानि, पशुहानि या संपत्ति को नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की होगी। ज्ञापन पर क्षेत्र के अनेक ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर कार्रवाई की मांग की है।
यह मामला नीमकाथाना क्षेत्र में अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के आसपास रहने वाले ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही शिकायतों का हिस्सा है। ग्रामीण न्याय और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।