ग्राम सेवा शिविर में लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । राज्य सरकार द्वारा आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आयोजित ग्राम सेवा शिविरों के तहत ग्राम पंचायत गाजुवास एवं पुनरास में आयोजित शिविरों का भाजपा नेता राकेश जांगिड ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा लाभार्थियों को पट्टा,पशु बीमा योजना,आपसी सहमति खाता विभाजन सहित विभिन्न प्रमाण पत्र वितरित किए।
शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से संवाद करते हुए राकेश जांगिड ने उनकी समस्याएं, सुझाव एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार आमजन को पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्राम सेवा शिविर इसी सोच का परिणाम हैं, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।
उन्होंने ग्रामीणों से अधिकाधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि इन शिविरों के माध्यम से प्रमाण पत्र, पेंशन, राजस्व संबंधी कार्य, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न सेवाएं सरलता से उपलब्ध करवाई जा रही हैं। ऐसे में प्रत्येक पात्र व्यक्ति को इन सुविधाओं का लाभ अवश्य लेना चाहिए।
राकेश जांगिड ने कहा कि सरकार की मंशा अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है और प्रशासन भी पूरी गंभीरता से इस दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के संबंध में चर्चा की ।
इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी प्रियंका, तहसीलदार हनुमान सिंह, नायब तहसीलदार बजरंग सिंह, बीडीओ छगन छींपा, मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह तंवर ,ईश्वर पांडिया, सादुलसिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

You might also like