ग्रामीण सेवा शिविर में समस्याओं का त्वरित समाधान, टीबी मरीजों को मिली पोषण किट
रणवीर सिंह
चिड़ासन (नवयत्न)। राज्य सरकार के निर्देशन में संचालित ग्रामीण सेवा शिविर अभियान के तहत गुरुवार को ग्राम पंचायत मुख्यालय पर एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय विधायक राजेन्द्र भाम्बू ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेते हुए ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। शिविर का उद्घाटन ग्राम पंचायत प्रशासक गीता देवी मेघवाल ने फीता काटकर किया।
शिविर के दौरान विधायक राजेन्द्र भाम्बू ने ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों को खाता विभाजन एवं राजस्व रिकॉर्ड में नाम संशोधन संबंधी मामलों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। शिविर में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, राजस्व, शिक्षा, ऊर्जा, चिकित्सा, सार्वजनिक निर्माण, कृषि तथा अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विधायक ने शिविर का निरीक्षण करते हुए टीबी से पीड़ित तीन मरीजों को अक्षय निक्षय पोषण किट वितरित की। बीसीएमओ डॉ. संत कुमार जांगिड़ ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों का निस्तारण किया गया। व्यक्तिगत शौचालय के 5 आवेदन प्राप्त हुए, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के बंद मामलों को पुनः चालू किया गया, 132 लोगों की चिकित्सा जांच एवं उपचार किया गया तथा 59 पशुओं का उपचार किया गया। विद्युत आपूर्ति संबंधी 5 शिकायतों का समाधान किया गया। खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 12 आधार सीडिंग, पीएम किसान सम्मान निधि के लिए 40 किसानों की ई-केवाईसी, 6 नामांतरण, 12 सीमा पत्थर स्थापना, 3 आपसी सहमति से खाता विभाजन, 152 राजस्व रिकॉर्ड नाम संशोधन तथा 20 जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र संबंधी कार्य संपादित किए गए।
ग्रामीणों ने एक सड़क के चार किलोमीटर नवीनीकरण की मांग रखी, जबकि दूसरी सड़क के दो किलोमीटर नवीनीकरण की कार्यवाही पर अमल किया गया। संबंधित सड़क की अनुमानित लागत 44 लाख रुपये बताई गई।
स्वास्थ्य शिविर में मेडिकल टीम द्वारा ग्रामीणों की जांच की गई तथा टीबी मरीजों को पोषण किट वितरित कर पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। विधायक राजेन्द्र भाम्बू ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए लाभार्थियों से संवाद भी किया।
शिविर में एसडीएम डॉ. नरेश सोनी, नोडल अधिकारी एवं तहसीलदार रामकुमार पूनिया, विकास अधिकारी अनिशा बिजारणियां, पीएचसी प्रभारी जयपाल लांबा, ग्राम विकास अधिकारी आदित्य चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कृषि विभाग की ओर से किसानों को मूंग बीज मिनी किट का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
शिविर के सफल संचालन में समाजसेवी रणवीर सिंह डूडी एवं इन्द्राज मेघवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे शिविर में अनुशासित व्यवस्था रही तथा आगंतुकों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।