कोविड-19 से जीत के लिए चूरू कलक्टर ने दिया मंत्र- एवरी वन इज वॉरियर
जनता के नाम जारी वीडियो पर बोले, हमें विकसित करनी होगी नई जीवन शैली
चूरू,(पीयूष शर्मा)14 मई। अपने अब तक के कार्यकाल में अपने नवाचारों के दम पर चूरू को एक अलग पहचान दिला चुके कलक्टर संदेश नायक ने गुरुवार को कोविड-19 से जीत के लिए एवरी वन इस कोरोना वॉरियर का मंत्र दिया।
उन्होंने शाम को अपना वीडियो जारी कर कहा कि हमें घर और कार्यस्थल पर नई जीवन शैली विकसित करनी होगी। कोई भी कमजोरी महामारी की वजह बन सकती है। इसलिए हर आदमी कोरोना योद्धा बने। वैश्विक महामारी कोविड-19 से चल रही लड़ाई के लंबा चलने की आशंकाओं के बीच कहा कि जब हर आदमी इस लड़ाई में योद्धा बनेगा और अपनी जिम्मेदारी समझेगा तभी हम जल्दी से जल्दी से महामारी से निजात पा सकेंगे।
ये कहा कलक्टर ने वीडियो में
चूरू की जनता के नाम जारी अपने वीडियो में कलक्टर संदेश नायक ने कहा कि वे अपने कार्यस्थल और घर में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। हाथ धोने और सेनेटाइज करने जैसे ऐहतियात बरतें। समस्त प्रोटोकॉल का पालन करते हुए यह सुनिश्चित करें कि हम कैसे खुद को और दूसरों को इस महामारी से बचा सकते हैं। उन्होंने कहा है कि आदमी जिस काम से जुड़ा है, उसी में देखे कि लोग इन प्रोटोकॉल का पालन करें।
जताया जनता का आभार
कलक्टर नायक ने चूरू की जनता का आभार जताते हुए कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों, मीडिया, भामाशाहों, सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आमजन का सहयोग भी इस वैश्विक महामारी से निपटने में मिला है। यही कारण है कि स्थिति नियंत्रण में है। मगर जब इसके उपचार के लिए समुचित दवा नहीं आ जाती है तब तक बचाव ही सर्वोत्तम रणनीति है।
एक कमजोर कड़ी बढ़ा सकती है कम्यूनिटी स्प्रीडिंग
कलक्टर ने कहा कि कोई भी एक कमजोर कड़ी इस वायरस की कम्यूनिटी स्प्रीडिंग का कारण बन सकती है। इसलिए हर आदमी वॉरियर की तरह काम करें और अपनी जिम्मेदारी समझे। लोग जिला प्रशासन व दूसरे इससे जुड़े लोगों को कोरोना वॉरियर कहकर उत्साह बढ़ाते हैं। लेकिन यह लड़ाई ऐसी है जिसमें हर व्यक्ति को वॉरियर बनना पड़ेगा।