चौराहे पर दो महीने से बंद हाईमास्ट लाइट, बाईपास हाईवे मार्ग पर अंधेरे से बढ़ी परेशानी
अबुबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। शहर के व्यस्ततम हाईवे स्थित मंगलपुरा चौराहे पर कोर्ट के पास स्थापित हाईमास्ट लाइट करीब दो महीनों से बंद पड़ी है। शाम ढलते ही हाई मास्ट लाईट के खराब रहने से इस क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी नहीं हो पाती इससे आमजन एवं वाहन चालकों को अंधेरे में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी जयप्रकाश जेपी टाक, साहित्यकार डॉ. वीरेंद्र भाटी मंगल, सवाई सिंह राजपुरोहित आदि का कहना है कि यह चौराहा शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है, जहां दिनरात वाहनों एवं लोगों की आवाजाही बनी रहती है। लेकिन रात के समय हाईमास्ट लाइट बंद रहने से सड़क का बड़ा हिस्सा अंधेरे में डूब जाता है। ऐसे में आमजन और बसों के इंतजार में रुकने वाले राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ती है। यहां पोल पर लगी सभी बंद लाईटों को स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द तकनीकी जांच कर चालू करवाने की मांग की है।