आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल का भव्य स्वागत, 2028 चुनाव को लेकर भरी हुंका

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के सुप्रीमो एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल का शुक्रवार देर रात्रि जयपुर से बीकानेर जाते समय राजलदेसर में भव्य स्वागत किया गया। अल्प प्रवास के दौरान नेशनल हाईवे-11 स्थित विनायक होटल के सामने सैकड़ों कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी के बीच उनका अभिनंदन किया। हनुमान बेनीवाल के राजलदेसर पहुंचते ही “हनुमान बेनीवाल जिंदाबाद” और “आरएलपी जिंदाबाद” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने साफा एवं दुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया। डीजे और आतिशी माहौल के बीच समर्थकों में अपने लोकप्रिय नेता के प्रति खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बेनीवाल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि वे हमेशा जनता और कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में साथ खड़े हैं तथा जहां भी आवश्यकता होगी, वहां पहुंचकर संघर्ष करने का काम करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्ष 2028 में रतनगढ़ विधानसभा क्षेत्र से आरएलपी का विधायक बनाना सभी कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बेनीवाल ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है, महिलाओं पर अपराध बढ़ रहे हैं, बेरोजगार युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं और किसानों की समस्याओं की सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भजनलाल सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरने में विफल रही है तथा हर मोर्चे पर नकारा साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, पेयजल संकट, बिजली समस्याएं और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार गंभीर नहीं है। आमजन को राहत देने के बजाय सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित होकर रह गई है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता भाजपा और कांग्रेस दोनों का विकल्प आरएलपी के रूप में देख रही है। आरएलपी सुप्रीमो ने कहा कि वर्ष 2028 में राजस्थान में आरएलपी को मजबूत विकल्प के रूप में स्थापित करने के लिए पार्टी कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं और इसके सकारात्मक परिणाम जल्द देखने को मिलेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर आरएलपी संसद से लेकर सड़क तक संघर्ष जारी रखेगी।बेनीवाल ने आगामी नगर पालिका एवं पंचायत चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि आरएलपी संगठनात्मक रूप से मजबूत है और पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि स्थानीय निकाय चुनावों में भी पार्टी को जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त होगा। इस अवसर पर आरएलपी नेता रतनलाल बिजानिया , किशन सोनी प्रदीप पांडर , जगदीश राजपुरोहित , हनुमान भुवाल , संपतमल तिवाड़ी , हनुमान भुवाल , जेपी सोनी , दीनदयाल पारीक , सहीराम बिस्सू , मोहन सीलु , प्रहलाद जाट , सहीराम धेतरवाल , साजिद चौहान , अल्ताफ खान , नदीम खान , राधेश्याम सोनी , गिरधारी लाल लीलाधर लोहार सहित बड़ी संख्या में आरएलपी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

You might also like