फौजियों की खान का गौरव बढ़ा: आर.के . कोचिंग ने एक साथ 10 युवाओं को बनाया अग्निवीर

निसं

झुंझुनूं (नवयत्न)। जिले का निकटवर्ती गांव नूआ, जिसे प्रदेशभर में “फौजियों की खान” के नाम से जाना जाता है, एक बार फिर देशसेवा के जज़्बे के कारण चर्चा में है। गांव के 10 युवाओं का एक साथ अग्निवीर के रूप में चयन होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बन गया है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। नूआ में आर.के. कोचिंग के तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह में चयनित युवाओं का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने युवाओं को माल्यार्पण कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

ग्रामीणों ने विशेष रूप से गांव के लाल रमेश कुमावत की सराहना की, जिन्होंने वर्षों से युवाओं को सेना भर्ती की तैयारी करवाकर उनकी प्रतिभाओं को निखारने का कार्य किया है। युवाओं को अनुशासन, मेहनत और देशसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ाने में रमेश कुमावत की भूमिका को ग्रामीणों ने बेहद महत्वपूर्ण बताया।

इसके साथ ही मनोज कुमावत पुत्र बसंतलाल कुमावत एवं प्रकाशी देवी का भी सम्मान किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि नूआ गांव में लगातार सेना में चयन होना इस बात का प्रमाण है कि यहां के युवाओं में देशभक्ति और सेवा का जज़्बा कूट-कूटकर भरा हुआ है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रमेश कुमावत जैसे युवा गांव की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं, जो न केवल युवाओं को सही मार्गदर्शन दे रहे हैं बल्कि उन्हें देशसेवा के लिए तैयार भी कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी नूआ गांव इसी तरह देश को वीर जवान देता रहेगा और क्षेत्र का नाम रोशन करता रहेगा।

You might also like