25.34 ग्राम एमडी के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न) । नोखा पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 25.34 ग्राम एमडी (मेथम्फेटामाइन) बरामद की है। साथ ही मादक पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई है। थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज ने बताया- पुलिस टीम ने सुजानगढ़ रोड स्थित श्री बालाजी मोटर एंड सर्विस सेंटर के पास कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 25.34 ग्राम एमडी बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामप्रताप बिश्नोई (46) पुत्र रामेश्वरलाल और श्रवण पारीक (31) पुत्र देवकरण के रूप में हुई है। दोनों आरोपी बीकानेर जिले के जसरासर थाना क्षेत्र के काकड़ा गांव के निवासी हैं।
युवाओं को नशे से बचाने के लिए चल रहा अभियान
पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देशन में जिलेभर में ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना तथा मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करना है।
उपनिरीक्षक कुशलाराम के नेतृत्व में दी गई दबिश
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक कुशलाराम के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल अक्षय कुमार, कांस्टेबल बाबूलाल और कांस्टेबल तेजाराम शामिल रहे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थ के साथ स्विफ्ट डिजायर कार नंबर आरजे 13 सीए 4497 को भी जब्त कर लिया।
सोर्स और सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में मादक पदार्थ के स्रोत, आपूर्ति नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

You might also like