न‍िर्जला एकादशी पर खाटूश्‍यामजी में भारी भीड़, तोरण द्वार से ही लगी लंबी लाइने

निसं
खाटूश्यामजी (नवयत्न) । बाबा श्याम का दो दिवसीय निर्जला एकादशी मासिक मेला गुरुवार से शुरू हुआ। मेले के पहले दिन देर रात्रि से ही मुख्य मेला ग्राउंड में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई। देशभर से भक्‍त खाटूश्‍यामजी आ रहे हैं। मंदिर प्रशासन और पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
नो ह्वीकल जोन घोषित
रींगस रोड पर शुक्रवार तक नो ह्वीकल जोन घोष‍ित क‍िया गया है। सभी प्रकार के वाहनों को रींगस भैरुंजी मोड़ से एनएच-52 से भेजा जा रहा है, वहीं पर गाड़ी पार्क करना होगा। यहां से भक्‍तों को पैदल खाटूश्‍यामधाम भेजा जा रहा है। खाटूश्यामजी से रींगस आने वाले वाहनों को मढ़ा मोड़ से निकाला जा रहा है।
सतरंगी फूलों से श्रृंगार
निर्जला एकादशी पर खाटूश्यामजी मंदिर में बाबा श्याम का सतरंगी फूलों से मनमोहक एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया। मंदिर द्वार पर हरियाली के साथ आम और फूलों से विशेष शृंगार क‍िया गया है। रींगस से लेकर खाटूधाम तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु निशान लेकर पैदल जा रहे हैं‌ श्याम भक्त बाबा के जयकारे लगा रहे हैं।
तोरणद्वार से 14 कतार बनाए गए
तोरणद्वार अस्पताल चौराहा और लामिया तिराहे से 40 फीट चौड़ा रास्‍ता बनाया गया है‌। 14 कतारों से होकर मंदिर तक पहुंचाया जा रहा है। मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। थानाधिकारी पवन चौबे के नेतृत्व में पुलिस जाप्ता एवं होमगार्ड के जवान विभिन्न प्रमुख स्थानों पर तैनात हैं।
श्रीश्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया क‍ि खाटू धाम आने वाले श्याम भक्तों के लिए बिजली पानी, सुरक्षा आदि की सभी व्यवस्थाएं की गई है। एक हजार सुरक्षा गार्ड, 600 होमगार्ड, 400 सीसीटीवी कैमरे और पेयजल की व्यवस्था सभी मंदिर कमेटी की ओर से की गई है।

You might also like