सड़क हादसा, आईटीबीपी सब-इंस्पेक्टर की मौत
निसं
बुहाना (नवयत्न)। क्षेत्र के भूरीवास गांव निवासी आईटीबीपी के सब-इंस्पेक्टर रणवीर सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रणवीर सिंह अपने साथी मनबीर सिंह के साथ बाइक से सतनाली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुई आश्रम के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों जवान सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान रणवीर सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं मनबीर सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद चालक फरार
दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
आज ही ड्यूटी पर लौटने वाले थे रणवीर
मृतक रणवीर सिंह भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में सब-इंस्पेक्टर पद पर तैनात थे। उनकी वर्तमान पोस्टिंग चंडीगढ़ में थी। वे 17 जून को अवकाश लेकर अपने गांव भूरीवास आए थे और गुरुवार को वापस ड्यूटी पर लौटने वाले थे। लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
पीछे छोड़ गए पत्नी और दो बेटियां
रणवीर सिंह अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से पूरे परिवार में शोक की लहर है। गांव में भी मातम का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
देश सेवा से जुड़ा रहा पूरा परिवार
रणवीर सिंह का परिवार लंबे समय से देश सेवा से जुड़ा रहा है। उनके बड़े भाई कृष्ण कुमार आईटीबीपी से सेवानिवृत्त हैं, जबकि छोटे भाई राजेन्द्र सिंह वर्तमान में आईटीबीपी में तैनात हैं। उनके पिता मोहर सिंह किसान हैं।
गांव में शोक
हादसे की खबर मिलते ही भूरीवास गांव समेत आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने रणवीर सिंह को एक कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार व्यक्तित्व बताते हुए उनकी असामयिक मौत को क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति बताया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।