कस्बे के प्राचीन ऐतिहासिक जैन मंदिर से प्राचीन बेशकीमती अष्टधातु की 18 मूर्तियां चोरी
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । अज्ञात चोर तारानगर के प्राचीन ऐतिहासिक जैन मंदिर के ताले तोड़कर मंदिर से अष्टधातु की प्राचीन ऐतिहासिक बेशकीमती 18 मूर्तियां चोरी कर ले गए। मुख्य बाजार के बीचों-बीच स्थित मंदिर में हुई इस चोरी वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। जैन समाज के आस्था से जुड़े इस मंदिर में हुई चोरी की इस घटना के बाद जैन समाज सहित शहर वासियों में भारी रोष व्याप्त है।घटना के बाद क्षेत्र में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस के मुताबिक तारानगर कस्बे के वार्ड नं. 11 मुख्य बाजार में बीचों-बीच स्थित करीब 1200 साल पुराने ऐतिहासिक शीतलनाथ जैन मंदिर में रविवार रात अज्ञात चोर मंदिर के ताले तोड़कर मंदिर के गर्भ गृह से शीतल नाथ जी की मुख्य मूर्ति व 17 तीर्थंकरों की अष्ट धातु की मूर्तियां चोरी कर ले गए।
सोमबार सुबह 6 बजे जब पुजारी चेनरूप भोजक रोजाना की भांति पूजा-पाठ करने मंदिर आया तो मंदिर के मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए मिले। मंदिर के ताले टूटे मिलने पर पुजारी चेनरूप ने इसकी सूचना मनोज कुमार चोरडिया को दी। सूचना मिलने पर मनोज कुमार तुरंत मंदिर पहुंचे व समाज सहित आसपास के लोगों को इसकी सूचना देकर मौके पर एकत्रित किया। मंदिर के मुख्य दरवाजे पर कटे हुए ताले व कटर पड़ा मिला जिस पर मनोज कुमार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के मौके पर पहुँचने पर जब मनोज कुमार सहित लोगों ने जैन मंदिर में प्रवेश किया तो देखा कि मंदिर के गर्भ गृह में शीतल नाथ जी की मुख्य मूर्ति व 17 तीर्थंकरों की अष्ट धातु की मूर्तियां गायब थी। मनोज ने बताया कि शीतलनाथ जी की मुख्य मूर्ति जो लगभग दो फिट के आकार की 10 किलो वजनी व 17 तीर्थकरों की अष्ट धातु की मूर्तियां, जो लगभग 1-1 फिट के आकार की, जो प्रत्येक मूर्ति लगभग एक-दो किलो वजनी थी, को अज्ञात चोर रविवार रात्रि को किसी समय चोरी कर ले गए। तारानगर थाना पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना कर चोरी के साक्ष्य जुटाए व मनोज कुमार की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई है। जैन समाज और स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द इस चोरी का खुलासा कर मूर्तियां बरामद कर चोरों को गिरफ्तार करने की पुलिस प्रशासन से मांग की है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।