नाली सफाई के नाम पर ठेकाकर्मियों की लीपा पोती
कृष्ण कुमार गांधी
सूरजगढ़ (नवयत्न)। कस्बे में मानसून पूर्व नालियों की सफाई के लिए नगरपालिका द्वारा 10 लाख रूपए का टेंडर जारी किया गया है। ठेका कर्मचारी नाली सफाई के नाम पर लीपा पोती कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता अभियान की धज्जियां उड़ा रहे है। सोमवार रात को ठेका कर्मचारियों ने बरासिया कॉलेज के सामने स्थित दुकानों के आगे बनी नाली के फेरो कवर हटा के दाएं बाएं डाल दिए व दुकानदारों द्वारा नाली पर लगाई गई पट्टियों को भी तोड़ डाला व नाली सफाई के नाम पर सिर्फ लीपा पोती कर गए वहीं नाली को खुला ही छोड़ दिया। मंगलवार सुबह जब दुकानदारों ने आकर देखा तो सभी व्यापारियों ने इकट्ठा होकर नगरपालिका अधिशासी अधिकारी को फोन कर मामले से अवगत करवाया। इस दौरान व्यापारियों ने पूर्व पार्षद प्रतिनिधि राहुल जैदिया के नेतृत्व में एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया व प्रशासन से दुबारा नाली सफाई करने व पुरी नाली को ढ़कने की मांग की है। इस मौके पर मार्केट के व्यापारी अनिल नेहरा, बाबुलाल जांगिड़, अजीत सिंह बिजौली, बबलु शर्मा कुलोठ, अमर सिंह, सरजीत, दीपक कुमार, अशोक सिंह, चेतराम सैनी, झंडुराम सैनी, अभिनव शर्मा, सुशील सैनी, कृष्ण कुमार गांधी, सुशील जांगिड़ सहित सैंकड़ो व्यापारी मौजूद रहे।
दुकानदारों ने सुनाई अपनी पीड़ा
शिकायत के बाद जब नगरपालिका जेईएन शुभम सैनी व एसआई शिवनंदन शर्मा मौके पर पहुंचे तो दुकानदारों ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि हमने ग्राहकों के आवागमन के लिए नाली पर पैसे देकर जो पट्टियां डलवाई थी रात में ठेकाकर्मियों ने उन पट्टियों को तोड़ डाला अब अगर दुबारा पट्टियां लेकर आएं तो करीब एक पट्टी के सात सौ रूपए मांग रहे है। ऐसे में ठेकेदार दुकानदारों को आर्थिक नुकसान करने का काम कर रहे है।
नगरपालिका के संसाधन काम में ले रहा ठेकेदार
नगरपालिका के लिए सबसे बड़ी शर्म की बात है 10 लाख का टेंडर देने के बाद भी ठेकेदार ने सफाई कार्य में नगरपालिका के संसाधन ट्रैक्टर, ट्रोली के साथ ही नगरपालिका के कर्मचारी को काम पर लगा रखा है। जब कर्मचारी रवि से पूछा कीं आप तो नगरपालिका मे ऑटो टीपर चलाते हो तो उसने कहा कि आज मै छुट्टी पर हूं। नगरपालिका के संसाधनों व कर्मचारी की फोटो व विडियो अधिशासी अधिकारी के पास भेज दिए।
इनका कहना है
आपसे जानकारी मिली है नाला सफाई काम में अनियमिताएं है एसआई शिवनंदन को हटा रहा हूं। अगर नगरपालिका के संसाधन काम में लिए जा रहे हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मुकेश कुमार
अधिशासी अधिकारी नगरपालिका सूरजगढ़