कस्बे में अतिक्रमण पर चला नगरपालिका प्रशासन का पीला पंजा

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । नगर पालिका प्रशासन की ओर से कस्बे में आम रास्ते पर लोगों की ओर से किए गए अवैध अतिक्रमण पर पीला पंजा चला। नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि कस्बे में रोडवेज बस स्टैंड, बस स्टैंड के पीछे एवं सार्वजनिक पार्क की दीवार के आगे आम रास्ते पर लोगों की ओर से रेहड़ी, ठेले एवं अस्थाई दुकानें बनाकर अतिक्रमण किया हुआ था। अतिक्रमण के कारण लोगों व वाहनों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लोगों के बार-बार शिकायत आने पर नगरपालिका प्रशासन की ओर से 2 दिन पहले सभी अतिक्रमणकारियों को सूचना देकर आम सड़क मार्ग से अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी लेकिन उनकी ओर से स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाने पर नगर पालिका प्रशासन की टीम ने रेहड़ी, ठेले व अस्थाई दुकानदारों की ओर से आम रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को पूर्णतया हटाकर रोडवेज बस स्टैंड, बस स्टैंड के पीछे एवं सार्वजनिक पार्क की दीवार के आगे आम रास्ते को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया। नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को आम रास्ते पर दोबारा अतिक्रमण करने पर कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा।

You might also like