प्रवासी डालमिया ने ढाणी इस्माइलपुर व लाम्बा गोठड़ा में विकास कार्यों का किया अवलोकन
विजेन्द्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न) । विभिन्न क्षेत्र में पानी और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाले संस्थान रामकृष्ण जयदयाल डालमिया सेवा संस्थान द्वारा किए गए विकास कार्यों का सोमवार को प्रवासी उद्योगपति रघुहरि डालमिया ने ढाणी इस्माइलपुर व लाम्बा गोठड़ा गांव में हुए विकास कार्यों का अवलोकन किया। डालमिया ने ढाणी इस्माइलपुर गांव में संस्थान द्वारा 13 बीघा भूमि पर किए गए एक लीटर पानी वाली तकनीक से पौधारोपण वाली साइट पर रोपित पौधों का निरीक्षण किया। उन्होंने पौधों की सुरक्षा के लिए ग्रामीणों द्वारा 70 हजार रुपए का चंदा एकत्रित कर की हुई तारबंदी के लिए ग्रामीणों की सराहना की और सबसे आह्वान किया कि अपने- अपने गांव को एक आदर्श गांव बनाने के लिए सभी को विकास कार्यों के लिए आगे आना चाहिए।
इसके बाद गांव लाम्बा गोठड़ा में प्रगतिशील किसान मास्टर हीरालाल, किसान विधानचंद्र के यहां मौसमी, नींबू, किन्नू एवं आंवले की बगीचे के अवलोकन के साथ-साथ किसान मनोज के यहां बने फार्म पोंड को भी देखा। लाम्बा गोठड़ा में ग्राम विकास समिति के सदस्यों व अन्य ग्रामीणों ने डालमिया का साफा, शाॅल, माला पहनाकर और स्मृति स्वरूप एक बील का फल भेंट कर स्वागत किया।