बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, सोने-चांदी के जेवर व 38 हजार रुपये नकद चोरी
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । कस्बे के वार्ड नंबर 35 में सोमवार देर रात चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने बन्द मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषणों सहित हजारों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है और लोगों ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित संजय पुत्र महावीर प्रसाद सैनी ने राजलदेसर पुलिस थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि व अपने परिवार सहित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए सरदारशहर गए हुए थे। इसी दौरान रात में अज्ञात चोर मकान में घुस गए और अलमारी व अन्य स्थानों पर रखे सामान को खंगाल दिया। चोर घर से तीन सोने के आभूषण, तीन जोड़ी चांदी की पाजेब, कानों के सोने के बाले तथा करीब 38 हजार रुपयों की नकदी चोरी कर ले गए। सुबह जब उनकी माता घर पहुंचीं तो कमरे का सामान बिखरा हुआ मिला। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को सूचना दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर संदिग्ध चोरों की गतिविधियां कैमरे में कैद होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि चोरों के हाथ में लोहे की रॉड तथा धारदार हथियार भी दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद वार्डवासियों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि चोरी की घटनाओं से आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने, चोरी गए सामान की बरामदगी करने की मांग की है। पीड़ित परिवार की ओर से अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। रिपोर्ट के दौरान थाने में कामरेड भादर भामू, भवानी सैनी, मंत्री हिमांशु सोनी, विनोद खडोलिया अक्षय सोनी, विक्रम सोनी, राजेंद्र सैनी, हेमंत, श्यामसुंदर प्रजापति, बबलू जैन, सद्दाम खान, पवन माली सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे और पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।