नशे को ना – सपनो को हां, भविष्य की रक्षा एवं विधिक साक्षरता, जागरूकता सत्र आयोजित
संजय सोनी
झुंझुनू (नवयत्न )। जिला मुख्यालय स्थित राजस्थान पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय, गणपति नगर में परिवर्तनकारी मंगलवार कार्यक्रम के अन्तर्गत ‘‘नशे को ना, सपनो को हां – भविष्य की रक्षा‘‘ विषय पर प्रेरणादायक कार्यक्रम तथा विधिक साक्षरता एवं जागरूकता सत्र का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चन्द्रशेखर पारीक अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट झुंझुनू का संस्था निदेशक इंजी. प्यारेलाल ढूकिया ने गुलदस्ता भेंट कर स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा उनके कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाना था। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार एवं समाज पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने तथा एक जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने का आह्वान किया।
विधिक साक्षरता सत्र के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के मूल अधिकार एवं मूल कर्तव्य, बाल अधिकार, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, बाल विवाह निषेध, पॉक्सो अधिनियम, सड़क सुरक्षा तथा विभिन्न कानूनी सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। विद्यालय प्रशासन ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य शुभकरण खीचड़ , मंगलाराम जांगिड़ , महावीर प्रसाद शर्मा सहित स्टाफ सदस्य मौजूद रहें ।