पानी की समस्या को लेकर शिविर में महिलाओं का हंगामा, जलदाय विभाग पर अनसुनी का आरोप

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । नगरपालिका परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर के दौरान वार्ड संख्या 40 की महिलाओं का पानी की समस्या को लेकर आक्रोश फूट पड़ा। शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाएं शिविर में पहुंचीं और जलदाय विभाग के अधिकारियों के समक्ष अपनी पीड़ा रखते हुए वहीं धरना देकर बैठ गईं।
महिलाओं ने बताया कि पिछले एक वर्ष से उनके मोहल्ले में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिससे लोगों को रोजाना पेयजल के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब्दुल वहीद लीलगर ने बताया कि सरकार शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं के समाधान का दावा कर रही है, लेकिन उनके मोहल्ले की सबसे बड़ी पानी की समस्या आज तक जस की तस बनी हुई है। उन्होंने अधिकारियों से तत्काल प्रभाव से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। महिलाओं ने समस्या का शीघ्र समाधान नहीं होने पर दो दिन बाद शिविर में धरना देकर बैठने की चेतावनी दी है।

You might also like