भानवी शेखावत सेना में बनी लेफ्टिनेंट
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । कस्बे की होनहार बेटी भानवी शेखावत ने AFMC, पुणे की H-3 बैच की पासिंग आउट परेड के बाद भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनी । उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। भानवी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा आदर्श विद्या मंदिर, राजलदेसर तथा माध्यमिक शिक्षा भरतिया इंटरनेशनल स्कूल, राजलदेसर से पूरी की। इसके बाद उन्होंने गुरुकृपा कोचिंग इंस्टीट्यूट, सीकर से फाउंडेशन कोर्स किया। वर्ष 2021 में नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद वर्ष 2022 में आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज (AFMC), पुणे में प्रवेश प्राप्त किया।एमबीबीएस के चार वर्षीय पाठ्यक्रम के सफलतापूर्वक पूर्ण होने के बाद अब भानवी की इंटर्नशिप ईस्टर्न कमांड हॉस्पिटल, कोलकाता में होगी, जहां वे सैन्य चिकित्सा सेवा का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी। भानवी के पिता दीपेन्द्र सिंह शेखावत एवं माता रेणु राठौड़ दोनों राजकीय सेवा में शिक्षक हैं। मूल रूप से झुंझुनूं जिले की नवलगढ़ तहसील के जाखल गांव के निवासी शेखावत परिवार पिछले 28 वर्षों से राजलदेसर में निवास कर रहा है। भानवी शेखावत की यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि वे अपने पैतृक गांव जाखल ही नहीं, बल्कि राजलदेसर की भी पहली बेटी हैं, जिन्होंने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने का गौरव हासिल किया है। कस्बे के लोगों के द्वारा लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से भानवी को बधाई संदेश मिल रहे हैं।