सड़क किनारे लगा बिजली ट्रांसफार्मर गिरा : कई घरों की बिजली आपूर्ति बाधित

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न) । नोखा के जोरावरपुरा में शनिवार रात करीब 9 बजे सड़क किनारे लगा एक बिजली ट्रांसफार्मर अचानक जमीन पर गिर गया। इस हादसे में ट्रांसफार्मर, उससे जुड़े उपकरण और पोल क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय कोई राहगीर वहां मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। ट्रांसफार्मर गिरने के बाद पूरे इलाके में अंधेरा छा गया। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर लंबे समय से जर्जर हालत में था और उसका आधार भी कमजोर हो चुका था। इस संबंध में कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें की गई थीं। नए पोल लगाने के लिए डिमांड नोट भी जमा कराया गया था, लेकिन विभाग ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
4 साल पहले बदलने की मांग की थी
क्षेत्रवासियों के अनुसार, इस ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग वर्ष 2022 में भी उठाई गई थी। वार्ड संख्या 31 के पार्षद के नेतृत्व में तत्कालीन संभागीय आयुक्त, बीकानेर को ज्ञापन सौंपा गया था, जिसमें समता भवन के पास लगे ट्रांसफार्मर और दो जर्जर बिजली पोल बदलने की मांग की गई थी। ज्ञापन में बताया गया था कि 14 अप्रैल 2022 को ट्रांसफार्मर में आग लगी थी और इससे पहले भी तीन बार ऐसी घटनाएं हो चुकी थीं। तब ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन सालों बाद भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। ट्रांसफार्मर गिरने के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति में फेज गड़बड़ी की शिकायतें भी सामने आई हैं। लोगों का कहना है कि स्विच बंद होने पर भी इंडिकेटर जल रहे हैं और एलईडी व ट्यूबलाइट हल्की रोशनी दे रही हैं। बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने की मांग इससे घरों के बिजली उपकरण खराब होने का खतरा बढ़ गया है। कई घरों में बल्ब और लाइटें फ्यूज होने की शिकायतें भी मिली हैं। वार्डवासियों ने क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को तत्काल बदलने, बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने, फेज और वोल्टेज संबंधी समस्याओं को दूर करने की मांग की है। उन्होंने क्षेत्र के सभी जर्जर ट्रांसफार्मरों और बिजली पोलों का सुरक्षा ऑडिट कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है।

You might also like