एएसआई दस हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न) । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की अलवर प्रथम चौकी ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए अरावली विहार थाना में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) शंकर लाल शर्मा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने परिवादी के बेटे का नाम मुकदमे से हटाने, मारपीट नहीं करने और मामले में मदद करने की एवज में 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
एसीबी की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके पुत्र के विरुद्ध अरावली विहार थाने में दर्ज मामले के अनुसंधान अधिकारी एएसआई शंकर लाल शर्मा रिश्वत की मांग कर परेशान कर रहे हैं। शिकायत के अनुसार आरोपी 13 जुलाई को परिवादी के घर पहुंचा और 5 हजार रुपये ले गया तथा शेष 20 हजार रुपये शाम तक देने का दबाव बनाया। शिकायत का सत्यापन कराने पर एएसआई ने परिवादी और सहपरिवादी से 10 हजार रुपये रिश्वत लेना स्वीकार किया तथा शेष 10 हजार रुपये की मांग भी की। सत्यापन सही पाए जाने पर उप महानिरीक्षक पुलिस (प्रथम) डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरवीजन में एसीबी चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी उप अधीक्षक शब्बीर खान के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। इस दौरान आरोपी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

You might also like