प्राइवेट स्कूलों की एक दिवसीय हड़ताल, जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । राज सम्बलन एवं शिक्षा सम्बलन कार्यक्रम के क्रियान्वयन का विरोध करते हुए प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष उगमाराम रॉयल के नेतृत्व में बुधवार को लाडनूं सहित क्षेत्र के समस्त निजी विद्यालयों ने एक दिवसीय हड़ताल रखकर स्कूल बंद रखे। इसके बाद निजी विद्यालय संचालक डीडवाना पहुंचे और जिला कलेक्टर के माध्यम से राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी विभिन्न मांगें रखीं।
ज्ञापन में निजी विद्यालय संचालकों ने शिक्षा सम्बलन के नाम पर निजी विद्यालयों की स्वायत्तता में हस्तक्षेप नहीं करने, आरटीई प्रवेश के अंतर्गत ऑटो पोर्टल के माध्यम से पिछले चार वर्षों से लंबित भुगतान समयबद्ध तरीके से जारी करने तथा विभिन्न प्रकार की बार-बार होने वाली जांचों के नाम पर विद्यालयों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि 3 जुलाई 2026 को शिक्षा निदेशक, बीकानेर द्वारा जारी आदेश के तहत “राजएप” के माध्यम से शिक्षा सम्बलन कार्यक्रम लागू करते हुए संयुक्त निदेशक स्तर तक की विभिन्न जांचें निजी विद्यालयों पर लागू की गई हैं। निजी विद्यालय संगठनों ने इसे विद्यालयों की स्वायत्तता पर सीधा हस्तक्षेप बताते हुए इस निर्णय की कड़ी निंदा की है।
टैगोर स्कूल निम्बी जोधा निदेशक गुलाब सिंह शेखावत ने बताया कि निजी शिक्षण संस्थान अपनी स्थापना एवं संचालन के लिए स्वतंत्र हैं तथा न्यायालय ने भी स्पष्ट किया है कि सरकार निजी विद्यालयों के दैनिक प्रशासन में अनावश्यक हस्तक्षेप नहीं कर सकती। ऐसे आदेश संविधान द्वारा प्रदत्त मूल अधिकारों का उल्लंघन हैं। निजी विद्यालय संचालकों ने सरकार से मांग की कि विद्यालयों के निरीक्षण संबंधी इस नवीन आदेश को तत्काल निरस्त किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो निजी विद्यालय संगठन न्यायालय की शरण लेने सहित व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होगा।