तहसीलदार कुटेंद्र राठौड़ ने संभाला कार्यभार, अपनी बेहतरीन सेवाओं के लिए याद रहेंगे पांडे

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । तहसीलदार अनिरुद्ध देव पांडे के सीकर स्थानांतरण के बाद बुधवार को कुटेंद्र राठौड़ ने लाडनूं तहसीलदार के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण के अवसर पर प्रशासक हरदयाल रुलाणिया, समाजसेवी हरिराम खीचड़, गजेन्द्र सिंह कोयल, सतपाल सिंह, कुलदीप सिंह राठौड़ सहित शहर के गणमान्य नागरिकों एवं स्टाफ ने साफा व माला पहनाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर नव पदस्थ तहसीलदार कुटेंद्र राठौड़ ने कहा कि आमजन से जुड़े राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों का त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से निस्तारण करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
लाडनूं में बेहतरीन सेवाओं के लिए याद रहेंगे पांडे:
गौरतलब है कि लाडनूं से सीकर स्थानांतरित तहसीलदार अनिरुद्ध देव पांडे ने लाडनूं में लगभग 20 माह तक अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने तहसीलदार के साथ-साथ कार्यवाहक उपखंड अधिकारी तथा नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी के अतिरिक्त दायित्वों का भी सफलतापूर्वक निर्वहन किया। अपने कुशल प्रशासन, त्वरित निर्णय क्षमता और सहज एवं मधुर व्यवहार के कारण वे आमजन के बीच विशेष पहचान बनाने में सफल रहे। लाडनूं में उनके कार्यकाल को प्रशासनिक दक्षता और जनहित के प्रति समर्पण के लिए लंबे समय तक याद किया जाएगा।

You might also like