कोरोना का डर: अहमदाबाद से टैंपो में सवार होकर चूरू पहुंचा परिवार
लोकडाउन के कारण छिन गया पूरे परिवार का रोजगार
चूरू,(पीयूष शर्मा)15 मई। कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए देशभर में लगे लोकडाउन के बीच प्रवासी मजदूरों व व्यापारियों का शहर में पहुंचने का सिलसिला जारी है।
इसी क्रम में गुजरात के अहमदाबाद क्षेत्र से एक छोटे से टैंपों में सवार होकर रवाना हुए एक ही परिवार के 10 जने शुक्रवार को चूरू पहुंचे। रास्ते की तकलीफों को झेलते चूरू पहुंचते ही चिकित्सा विभाग की टीम चूरू बालिका महाविद्यालय में सभी की जांच कर सैंपलिंग की। डा. अहसान गौरी के मुताबिक ये लोग अहमदाबाद में मजदूरी करते हैं। लोकडाउन के कारण रोजगार छिन जाने से इनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया था। ऐसे में जैसे-तैसे ये वहां के प्रशासन से स्वीकृति लेकर जांच के बाद स्वयं के टेंपो में सवार होकर चूरू पहुंचे हैं।
रेड जोन एरिया से आए 35 जनों के लिए सैंपल
डा. इमरान गौरी ने बताया कि चिकित्सा विभाग की टीम ने चूरू बालिका महाविद्यालय के क्वारेंटाइन सेंटर में शुक्रवार को रेड जोन एरिया घोषित गुजरात, महाराष्ट्र व तेलंगाना से आए 35 जनों के सैंपल लिए हैं। ये लोग गत तीन दिनों में चूरू पहुंचे हैं। चूरू मेडिकल कॉलेज से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।