किसान नेता टिकैत की पुण्यतिथि मनाई

चिड़ावा,(विजेंद्र सिंह लमोरिया)15 मई। चौधरी कॉलोनी में किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि मनाई गई। समाजसेवी रामजीलाल धनखड़ की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में लोगों ने किसान नेता को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान समाजसेवी धनखड़ ने अपने संस्मरणों को याद करते हुए किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत व स्वतंत्रता सेनानी सत्यदेव सिंह कुल्हार के साथ बिताए पलों के बारे में बताया। धनखड़ ने बताया कि महीने में एक बार उनका स्वतंत्रता सेनानी कुल्हार से मिलना होता था तो उसमें वो अपने बीते हुए समय को याद करके हंसते रहते थे। 20 मई से 15 जून 1999 तक लगभग 25-26 दिन तक भारत किसान आंदोलन में उनके मार्गदर्शन में यूरोप की यात्रा में भाग लिया था। स्वतंत्रता सेनानी कुल्हार ने राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया था। इनके साथ उत्तर प्रदेश से चौधरी महेन्द्र सिंह टिकैत भी थे। धनखड़ ने बताया कि सत्यदेव कुल्हार बड़े ही बुद्धिमान व्यक्तित्व के धनी थे। यूरोप के दस देशों की यात्रा में उनके साथ बहुत कुछ देखने व सीखने को मिला था। उन्होंने कहीं भी यह अहसास नहीं होने दिया कि हम विदेश में हैं। उस दौरान वे स्वतंत्रता आंदोलन की भी खूब बातें करते थे। किसान नेता टिकैत भी उनसे बहुत प्रभावित हुए थे। आज दोनों का साथ छूटने का दु:ख है लेकिन किसान नेता टिकैत व स्वतंत्रता सेनानी कुल्हार के योगदान को कभी भुला नहीं जा सकता। इस मौके पर रतनवीर, महेंद्र धनखड़, जयसिंह, उमराव सिंह, संदीप ओला आदि उपस्थित थे।

You might also like