गुटखा-बिड़ी की बात पर युवक की गला घोंटकर हत्या

निसं
बीकानेर (नवयत्न)। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। लक्ष्मीनाथ जी घाटी क्षेत्र में गुटखा-बिड़ी की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थानाधिकारी सविता डाल और सीओ सिटी अनुज डाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का जायजा लिया।

थानाधिकारी सविता डाल ने बताया कि मृतक की पहचान 35 वर्षीय शाबिर के रूप में हुई है। घटना के बाद मोहल्ले के लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सविता डाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मोहम्मद हुसैन उर्फ बाबू का शाबिर से गुटखा-बिड़ी को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढऩे पर आरोपी ने शाबिर का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों एक साथ उठते-बैठते थे, अच्छी जान-पहचान थी। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

You might also like