रोड निर्माण का लेवल बढ़ाने पर बवाल
निसं
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। कस्बे के स्वामियों के मोहल्ले में निर्माणाधीन सडक़ का लेवल कथित रूप से करीब 13 इंच ऊंचा किए जाने को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। मोहल्लेवादियो ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर नगरपालिका पहुंचकर अधिशासी अधिकारी डॉ अशोक कुमार को ज्ञापन सौंपा तथा सडक़ का लेवल सही करने के साथ बरसाती एवं नालियों के पानी की समुचित निकासी सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि रेलवे स्टेशन, हरिजन मोहल्ला, वार्ड संख्या 24, स्वामी मोहल्ला तथा आसपास के बाजार क्षेत्र का बरसाती और नालियों का पानी इसी मार्ग से होकर निकलता है। आरोप है कि सडक़ का स्तर अधिक ऊंचा किए जाने से पानी की निकासी बाधित हो जाएगी, जिससे हल्की बारिश में भी कई घंटों तक जलभराव रहेगा और आसपास के मकानों में पानी घुसने की आशंका बनी रहेगी।
लोगों ने कहा कि इससे आवागमन भी प्रभावित होगा और बरसात के दौरान गंभीर समस्या खड़ी हो सकती है। मोहल्लेवासियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सडक़ का लेवल तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं किया गया तो पूरे क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने निर्माण कार्य से पहले सडक़ का सही लेवल निर्धारित कर निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
ज्ञापन मिलने के बाद अधिशासी अधिकारी डॉ अशोक कुमार ने मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन सडक़ का निरीक्षण किया। उन्होंने सीवरेज के कार्मिकों एवं इंजीनियरों को निर्देश दिए कि पहले सडक़ का सही लेवल निकालकर ही निर्माण कार्य किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि सडक़ पर बरसात का पानी किसी भी स्थिति में नहीं रुके।
इस अवसर पर कैलाश शर्मा, राकेश कुमार शर्मा, मुकेश कुमार, केशरी नन्दन, कमला देवी, रेणु देवी, तीजा देवी, कौशल्या देवी, गीता देवी, सुशीला देवी, संगीता देवी, मीना देवी, संतोष शर्मा सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौजूद रहे।