पूर्व उपराष्ट्रपति शेखावत को भाजपा ने दी श्रद्धाजंलि
झुंझुनूं सांसद खीचड़ की गैर मौजूदगी बनी चर्चा
झुंझुनूं,(अश्वनी शर्मा)15 मई। भारतीय जनता पार्टी झुंझुनूं ने देश के पूर्व उपराष्ट्रपति एवं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री भैंरोसिंह सिंह शेखावत की पुण्यतिथि मनाई। पार्टी के माननगर स्थित जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष पवन मांवडिया की अगुवाई में पार्टी के शहर मंडल अध्यक्ष कमलकांत शर्मा, भाजपा नेता महेन्द्र सोनी, अब्दुल मजीद अब्बासी, पुरूषोत्तम सैनी, सुभाष सैनी आदि कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर कार्यक्रम के तत्पश्चात जिलाध्यक्ष मावंडिया एवं शहर अध्यक्ष कमलकांत शर्मा ने शेखावत के बेहद करीबी रहे वरिष्ठ भाजपा नेता एडवोकेट सांवरमल वर्मा, पूर्व मंत्री सुन्दर लाल, वरिष्ठ नेता मातुराम सैनी, जनसंघ के प्रथम सरपंच मदन लाल गुप्ता, ठाकुर मदन सिंह के निवास स्थानों पर पहुंच कर उन्हें साफा, शॉल एवं श्रीफल भेंट किया। उनके साथी कार्यकर्ताओं ने स्व. शेखावत से जुड़े विभिन्न संस्मरणों को साझा किया तथा उनके साथ बिताए हुए पलों को याद किया तो उनकी आंखें नम हो गई।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मांवडिया ने कहा कि एक साधारण किसान परिवार में पैदा हुए शेखावत राजनीति में शिखर तक पहुंचे। एक सच्चे जनसेवक एवं महान राजनेता के रूप में पूरे देश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उनके द्वारा चलाई गई अंत्योदय योजना देश में अंतिम पंक्ति में बैठे हुए व्यक्ति के लिए वरदान साबित हुई। इतने बड़े पद पर पहुंचने के उपरांत भी वे छोटे से छोटे कार्यकर्ताओं से सहज रूप से मिलते थे। उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर पार्टी द्वारा जिले भर में विभिन्न स्थानों पर बेसहारा पशुओं के लिए कच्ची सब्जियां भी खिलाई गई।
सांसद की गैर मौजूदगी रही चर्चा का विषय
देश के पूर्व उपराष्ट्रपति एवं भाजपा के कद्दावर नेता भैरोंसिंह शेखावत की पुण्यतिथि के अवसर पर झुंझुनूं सांसद नरेंद्र कुमार खीचड़ की गैर मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। जानकारी के अनुसार झुंझुनूं सांसद नरेंद्र कुमार खीचड़ दोपहर तक जिला मुख्यालय पर ही मौजूद थे।