कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का किया पुतला दहन

निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी उपखंड के निजामपुर मोड़ पर शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से विरोध-प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधान मनीषा गुर्जर के नेतृत्व में प्रधानमंत्री व शिक्षा मंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जंतर -मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की न्यायिक जांच कराने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लेने की मांग की गई। प्रधान मनीषा गुर्जर ने बताया कि देश में अराजकता का माहौल बना हुआ है। पेपर लीक होने से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है जब उसका विरोध किया जाता है तो लाठियां बरसा कर उन्हें दबाने का प्रयास किया जा रहा है। केंद्र सरकार पेपर लीक रोकने में पूरी तरह से नाकाम होने के बावजूद भी युवाओं पर दमनकारी नीतियां अपना कर युवाओं को जेल में बंद कर उनके भविष्य को खराब कर रही है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छात्रों की लोकतांत्रिक मांगों को बलपूर्वक दबाना उचित नहीं है और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान नगर केवलराम गुर्जर, रमेश पांडेय, शंकर बीलवा, भागीरथ गुर्जर, बीरबल, विनोद कुमार, पायल नायक, रुङाराम, रामेश्वर लाल, दयानंद लाम्बा, दिलीप चारावास, राजेंद्र, कृष्ण कुमार, रामशरण लादी, सुरेंद्र चारावास, राजवीर, चुन्नीलाल चनेजा, दिलीप चारावास, अशोक, अमर सिंह, प्रवीण कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

You might also like