एटीएम हैंग कर साढ़े चार लाख की ठगी

निसं 

जयपुर (नवयत्न)। सिंधीकैम्प थाना पुलिस ने फरार चल रहे शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एटीएम मशीन को तकनीक से हैंग कर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को करीब 5 साल बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने जैसलमेर जेल से प्रोडक्शन वारंट के जरिए गिरफ्तार किया है।

 

जैसलमेर जेल से लिया प्रोडक्शन वारंट पर

 

जयपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण ने बताया कि जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एडिशनल डीसीपी राजेश कुमार गुप्ता और एसीपी सदर धर्मवीर सिंह के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी।

थानाधिकारी वन्दना नरूला के नेतृत्व में टीम ने कड़ा आसूचना तंत्र और तकनीकी सूचना जुटाकर मामले में वांछित चल रहे आरोपी अब्बास खान को चिह्नित किया। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी जैसलमेर जेल में बंद है, जिस पर टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे कोर्ट के जरिए प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लिया।

सिंधीकैम्प थाने में वर्ष 2021 में दर्ज प्रकरण के अनुसार आरोपी अब्बास खान ने अपने साथियों के साथ मिलकर सिंधीकैम्प बस स्टैंड के पास स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम को निशाना बनाया था। गिरोह ने तकनीक का इस्तेमाल कर एटीएम मशीन को हैंग कर दिया और अवैध रूप से करीब 4.50 लाख रुपये निकालकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में पुलिस पूर्व में आरोपी के चार साथियों तारीक हुसैन, एजाज खान, मोहम्मद आसिफ और मोसिम खान को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

पूछताछ और जांच जारी- पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्बास खान (28),पुत्र इलियास खान, निवासी कल्याणपुर, पुलिस थाना खोह, जिला डीग के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर गिरोह के अन्य सहयोगियों और इस प्रकार की अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। इस महत्वपूर्ण सफलता में थानाधिकारी वन्दना नरूला, एएसआई रामनरेश सिंह, हेड कांस्टेबल रामकरण सिंह और हेड कांस्टेबल बुद्धराम की सराहनीय भूमिका रही।

You might also like