सिंधी कैंप बस स्टैंड पर लावारिस बैगों में मिला 38 किलो डोडा-चूरा

निसं
जयपुर (नवयत्न)। राजधानी के सिंधी कैंप बस स्टैंड पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लावारिस बैगों से 38 किलो 650 ग्राम डोडा-चूरा बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में रोडवेज बसों के जरिए मादक पदार्थ की तस्करी किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब बस स्टैंड परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर तस्करों की पहचान में जुटी है।

जयपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) प्रशांत किरण ने बताया कि रविवार शाम सिंधी कैंप थाना पुलिस बस स्टैंड परिसर में नियमित चेकिंग और सर्च अभियान चला रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर दो संदिग्ध बैग लावारिस अवस्था में पड़े मिले।

पुलिस ने आसपास मौजूद यात्रियों और अन्य लोगों से बैगों के संबंध में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी उन पर अपना दावा नहीं किया। संदेह होने पर जब दोनों बैगों की तलाशी ली गई तो उनमें बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ डोडा-चूरा मिला।

पुलिस ने दोनों बैगों को कब्जे में लेकर उनका वजन कराया, जिसमें कुल 38 किलो 650 ग्राम डोडा-चूरा बरामद हुआ। मादक पदार्थ को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस का मानना है कि बस स्टैंड पर चल रही सघन चेकिंग को देखकर तस्कर पकड़े जाने के डर से मादक पदार्थ से भरे बैग प्लेटफॉर्म पर छोड़कर भीड़ का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस अब बस स्टैंड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बैग छोड़कर जाने वाले संदिग्धों की पहचान की जा सके।

पुलिस रोडवेज बसों के माध्यम से मादक पदार्थ की तस्करी के एंगल से भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद डोडा-चूरा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था, इसका पता लगाने के लिए जांच को विभिन्न पहलुओं से आगे बढ़ाया जा रहा है।

You might also like