मंदिर से लौट रही महिला को बातों में उलझाया, सोने के गहने लूट फरार हुए आरोपी

निसं
जयपुर (नवयत्न) ।  करधनी थाना क्षेत्र में अनिष्ट का भय दिखाकर एक बुजुर्ग महिला से सोने के गहने ठगने का मामला सामने आया है। मंदिर से पूजा कर घर लौट रही महिला को दो बाइक सवार बदमाशों ने बातों में उलझाकर पूजा के नाम पर कान के सोने के टॉप्स और अंगूठी उतरवा ली और फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार निवारू रोड निवासी रेखा (66) प्रतिदिन कॉलोनी स्थित श्री चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर में पूजा करने जाती हैं। रोज की तरह पूजा-अर्चना कर वह पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक ने उन्हें आवाज देकर रोका। पहले मना करने पर भी उसने दोबारा रोककर बातचीत शुरू कर दी।
आरोपी ने महिला को परिवार के साथ अनिष्ट होने का डर दिखाकर अपने झांसे में ले लिया। इसके बाद पूजा कराने का बहाना बनाकर उनके कानों के सोने के टॉप्स और सोने की अंगूठी उतरवा ली। आरोपी ने कहा कि वह मंदिर में पूजा कर तुरंत लौटता है, लेकिन वह अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया।
काफी देर तक इंतजार करने के बाद महिला मंदिर पहुंची, जहां आरोपी नहीं मिला। तब उन्हें ठगी और लूट का अहसास हुआ। सूचना मिलने पर करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र में नाकाबंदी कराई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर बाइक सवार बदमाशों की तलाश की जा रही है।

You might also like