चौपाल पर लगवाईं कुर्सियां, ग्रामीणों को मिली राहत
मधु दहिया
बुहाना (नवयत्न) । कस्बे के सूरजगढ़ मोड़ स्थित चौपाल पर अब ग्रामीणों को बैठने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। समाजसेवी एवं अंकित स्टूडियो के संचालक विजय तुदवाल ने यहां पांच मजबूत कुर्सियां लगवाकर चौपाल का सुंदरीकरण कराया है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस स्थान पर प्रतिदिन शाम को बुजुर्ग, किसान और युवा एकत्र होकर गांव के विकास, खेती-किसानी और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा करते हैं। लंबे समय से बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसे देखते हुए विजय तुदवाल ने पहल करते हुए कुर्सियां उपलब्ध करवाईं। इस दौरान सीआई राम मनोहर, नगरपालिका ईओ सुरेंद्र सिंह, रणबीर भगत, संजय नाडिया, सोमवीर झारोड़ा, विष्णु सिंह और ललित वर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
विजय तुदवाल ने कहा कि बुहाना का विकास और लोगों की सुविधा उनकी प्राथमिकता है। भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्य निरंतर किए जाएंगे। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे चौपाल पर आने वाले लोगों और राहगीरों को बैठने की बेहतर सुविधा मिलेगी।