नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, पीटीआई पर पोक्सो का मामला दर्ज
निसं
बीदासर (नवयत्न) । साण्डवा थाना क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल की 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी शारीरिक शिक्षक (पीटीआई) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पोक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आधी छुट्टी के दौरान घटना को दिया अंजाम
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, 30 जुलाई को छात्रा स्कूल गई थी। दोपहर में आधी छुट्टी के दौरान आरोपी पीटीआई सहीराम दूसाद (निवासी बैरासर) ने छात्रा को इशारे से पास की गली में बुलाया। आरोप है कि वह छात्रा को बहला-फुसलाकर और दबाव बनाकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैरासर स्थित अपने घर ले गया, जहां उसने कमरे में बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया।
घबराकर घर पहुंची छात्रा, परिजनों को बताई आपबीती
क्लास में छात्रा के न लौटने पर सहपाठियों की सूचना के बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू की। दोपहर करीब 12:30 बजे छात्रा डरी-सहमी और घबराई हालत में घर पहुंची तथा परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
स्कूल के गेट पर ताला जड़कर ग्रामीणों का प्रदर्शन
घटना के विरोध में आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर विरोध-प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस व शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश कर स्कूल का गेट खुलवाया।
डीएसपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई जांच
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए प्रकरण की जांच सुजानगढ़ के वृत्ताधिकारी (डीएसपी) दरजाराम बोस को सौंपी गई है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाने तथा न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि दर्ज एफआईआर के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है और तथ्यों की पुष्टि के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।