पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

प्रदीप कुमार सैनी
दांतारामगढ़ (नवयत्न) । श्री बद्रीनारायण भैरवदत्त खेतान उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर दांता में विज्ञान सप्ताह (25 जुलाई से 2 अगस्त 2026) के अंतर्गत शनिवार को ‘समाज के लिए विज्ञान’ विषय पर पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में बाल एवं किशोर वर्ग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए वायु प्रदूषण, जल प्रदूषण, शहरीकरण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, पृथ्वी को हरा-भरा बनाए रखने, ध्वनि प्रदूषण, प्लास्टिक के दुष्प्रभाव तथा स्वच्छ वायु-स्वस्थ जीवन जैसे समसामयिक पर्यावरणीय विषयों पर आकर्षक पोस्टर एवं प्रभावशाली स्लोगन प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से “एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य” का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का सराहनीय प्रयास किया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मक सोच तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना रहा।
इस अवसर पर विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य, आचार्य-आचार्याओं सहित बड़ी संख्या में भैया-बहिन उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

You might also like