झुंझुनूं में वकीलो का विरोध तेज, कलेक्ट्रेट पर देंगे धरना
संजय सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न) । गुढ़ा तहसील से जुड़े राजस्व मामलों की सुनवाई उदयपुरवाटी में किए जाने के सरकारी आदेश के विरोध में झुंझुनूं के वकीलों ने आंदोलन तेज कर दिया है। जिला अभिभाषक संघ ने सोमवार और मंगलवार को न्यायालयों का बहिष्कार कर कलेक्ट्रेट के सामने धरना देने का निर्णय लिया है। रविवार को जिला अभिभाषक संघ की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर मांग की गई कि गुढ़ा तहसील का उपखंड झुंझुनूं मुख्यालय में ही यथावत रखा जाए। वकीलों का कहना है कि इससे क्षेत्र की जनता को सुविधा मिलेगी और उन्हें अनावश्यक परेशानी नहीं होगी। संघ के निर्णय के अनुसार 3 और 4 अगस्त को अधिवक्ता न्यायालयों में कार्य नहीं करेंगे और कलेक्ट्रेट परिसर के सामने धरना देकर विरोध दर्ज कराएंगे। आंदोलन के संचालन के लिए संघ अध्यक्ष रतन मोरवाल के नेतृत्व में संघर्ष समिति का गठन किया गया है। समिति में मदन सिंह गिल, भगवान सिंह शेखावत, सुभाष पूनियां, रणजीत सिंह, बिरजू सिंह शेखावत, संदीप महला और विकास महमिया को शामिल किया गया है। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने हाल ही में गुढ़ागौडज़ी तहसील से जुड़े सभी राजस्व मामलों की सुनवाई झुंझुनूं के बजाय उदयपुरवाटी उपखंड अधिकारी के समक्ष करने के आदेश जारी किए हैं। इसी फैसले के विरोध में अधिवक्ताओं ने आंदोलन का रास्ता चुना है।