जयसमंद बांध पर 1100 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
निसं
खेतड़ी ( नवयत्न) । खेतड़ी उपखंड प्रशासन एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को खेतड़ी के ऐतिहासिक जयसमंद बांध परिसर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक इंजी धर्मपाल गुर्जर, विशिष्ट अतिथि सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सुरेश जांगिड़, शिक्षाविद अशोक सिंह शेखावत थे, कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर डॉ अरूण गर्ग ने की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के 1100 पौधे लगाकर हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया गया। बांध परिसर में पीपल वाटिका का निर्माण किया गया, जो आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण के प्रति युवाओं को जागरूक और प्रेरित करने का केंद्र बनेगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर ने पौधारोपण करते हुए कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर है। जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि सभी लोग अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करें, तो हरित राजस्थान का सपना साकार हो सकता है। इस दौरान पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपखंड प्रशासन, वन विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया। आयोजन के अंत में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के लिए सामूहिक सहभागिता पर जोर देते हुए अधिकाधिक पौधारोपण करने का संदेश दिया गया। इस मौके पर एसडीएम सुनील चौहान, डीएसपी राजेंद्र बुरड़क, कैप्टन केसर देव, पूर्व पालिकाध्यक्ष विजेश शाह, एईएन मनोज गौड़, पूर्व सरपंच फतेहसिंह शेखावत, तहसीलदार सुभाष कुलहरी, रेंजर सुनील कुमार, निखिल शर्मा, नगेंद्र सिंह सोढ़ा, चयन सिंह, सुरेश पांडे, बीसीएमओ डॉ हरीश यादव, पीएमओ डॉ अक्षय शर्मा, डॉ महेंद्र सैनी, डॉ अनुराधा निर्वाण, नंदकिशोर चौकड़ीवाला, परिवहन निरीक्षक राजेंद्र जाखड़, कैलाश स्वामी, पवन कुमार, सीआई बुद्धि प्रसाद, कुंज बिहारी सहित अनेक लोग मौजूद थे।