सीबीईओ सुनील कुमार को पीएचडी की उपाधि
निसं
मंडावा (नवयत्न)। जोधपुर के जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय ने आऊ ब्लॉक के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) एवं हिंदी विभाग के शोधार्थी सुनील कुमार को पीएचडी की उपाधि प्रदान की है। उन्होंने हिंदी विभाग के डॉ. भरत कुमार के निर्देशन में उत्तर-आधुनिकतावाद विषय पर शोध कार्य पूरा किया। मूल रूप से झुंझुनूं जिले की मंडावा तहसील के श्योपुरा गांव निवासी सुनील कुमार वर्तमान में जोधपुर जिले के आऊ ब्लॉक में सीबीईओ के पद पर कार्यरत हैं। प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने यह शैक्षणिक उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। शोध में उत्तर-आधुनिकतावाद की अवधारणा, उसके सामाजिक प्रभाव, भूमंडलीकरण, बदलते जीवन मूल्यों और समकालीन समाज पर उसके प्रभाव का विस्तृत अध्ययन किया गया है। शोध में आधुनिकता और उत्तर-आधुनिकता के विभिन्न आयामों का विश्लेषण करते हुए भारतीय समाज के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण निष्कर्ष प्रस्तुत किए गए हैं।
सुनील कुमार की इस उपलब्धि पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षाविदों, सहकर्मियों, मित्रों और श्योपुरा गांव के लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।