शादी की 50वीं वर्षगांठ पर गौड़ परिवार ने नन्दीशाला में बनवाया टीन शेड, महिला मंडल ने दिए 2 लाख रुपये

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। गौसेवा के प्रति समर्पण और सेवा भावना की मिसाल पेश करते हुए नोखा निवासी विमला देवी पत्नी नवरत्न गौड़ ने अपनी शादी की 50वीं वर्षगांठ के मंगल अवसर पर नन्दीशाला में नन्दियों के लिए टीन शेड का निर्माण करवाकर इसे समर्पित किया। इस अवसर पर गौड़ परिवार की ओर से प्रसाद वितरण भी किया गया। नगरपालिका नोखा द्वारा निर्मित एवं निराश्रित गोवंश सेवा समिति द्वारा संचालित नन्दीशाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्री चमत्कारी हनुमानजी महिला भजन मंडली की विमला बाई एवं पार्टी ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं, महिला भजन मंडली की ओर से नन्दीशाला में एक अन्य टीन शेड के निर्माण के लिए 2 लाख रुपये की राशि देने की स्वीकृति प्रदान की गई। कार्यक्रम में निराश्रित गोवंश सेवा समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने गौसेवा और नन्दियों की सुविधा के लिए किए गए इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए सहयोगकर्ताओं एवं भामाशाहों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्य निराश्रित गोवंश के संरक्षण और उनकी बेहतर देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर राजेन्द्र सिंह राठौड़, रूपचंद करनाणी, हुक्मीचंद बजाज, गौरीशंकर करनाणी, अमित करनाणी, जयचंद सोनी, पवन कोठारी, दीनदयाल, नवरत्न गौड़ सहित अनेक गणमान्यजन, नन्दीशाला समिति के कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।
रविवार को होगा पक्षीघर का लोकार्पण
समिति के अंकित तोषनीवाल ने बताया कि रविवार को श्याम दीवाना संकीर्तन की ओर से नन्दीशाला में निर्मित पक्षीघर का लोकार्पण श्याम कीर्तन के साथ किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से जीव-जंतुओं की सेवा और संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।

You might also like