वारदात की फिराक में घूम रहा शातिर बदमाश गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न)। मुरलीपुरा थाना पुलिस ने वारदात की फिराक में घूम रहे एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध धारदार चाकू बरामद किया है। आरोपी की पहचान अनिल कुमार योगी उर्फ बंटी (22) निवासी मूलतः सातपुरा (मनोहरपुर) एवं हाल मीणा कॉलोनी, बास बदनपुरा के रूप में हुई है।
पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण ने बताया कि पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सीकर रोड स्थित खेतान अस्पताल के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध तेजधार चाकू मिला। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि बरामद मोटरसाइकिल महेश नगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस ने आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ जयपुर के विभिन्न थानों में चोरी के 10, नकबजनी के 2, तिजोरी तोड़ने का 1, आबकारी अधिनियम का 1 तथा लूट व अन्य गंभीर अपराधों के 3 सहित कुल 17 मामले दर्ज हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह चोरी की बाइक और चाकू के साथ किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।

You might also like