अंगदान जागरूकता में झुंझुनूं ने रचा इतिहास, राजस्थान में दूसरा, देश में तीसरा स्थान

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न )। अंगदान के प्रति जन-जागरूकता फैलाने में झुंझुनूं जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले ने राजस्थान में दूसरा और देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर जयपुर के एसएमएस मेडिकल कॉलेज में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग सहित जिले की टीम को सम्मानित किया गया। राज्य स्तरीय समारोह में चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर, मेडिकल कॉलेज झुंझुनूं के डॉ. दीपक तंवर तथा डीपीओ सियाराम पूनिया को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि अंगदान जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई उम्मीद जगाता है। उन्होंने समाज में अधिक से अधिक लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित करने और लगातार जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।
19 हजार से ज्यादा लोगों ने लिया अंगदान का संकल्प
31 जुलाई तक झुंझुनूं जिले के 19,081 नागरिकों ने अंगदान के लिए संकल्प पत्र भरे। इसी जनभागीदारी के दम पर झुंझुनूं ने राजस्थान में भीलवाड़ा के बाद दूसरा और देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया। जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने इस उपलब्धि का श्रेय जिला प्रशासन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, स्वयंसेवी संगठनों और जागरूक नागरिकों के सामूहिक प्रयासों को दिया।
सम्मान के बाद झुंझुनूं लौटे कलेक्टर का स्वागत
अंगदान जागरूकता अभियान में राज्य स्तर पर सम्मानित होने के बाद झुंझुनूं लौटे जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग का गुरुवार को लायंस क्लब झुंझुनूं और श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्था की ओर से स्वागत किया गया। संस्थाओं के पदाधिकारियों ने शॉल और दुपट्टा ओढ़ाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर लायंस क्लब झुंझुनूं के अध्यक्ष डॉ. डीएन तुलस्यान, जोन चेयरपर्सन डॉ. बबीता कुमावत, अध्यक्षीय सलाहकार नरेन्द्र व्यास, उपाध्यक्ष शिव कुमार जांगिड़ , गोपाल कृष्ण गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष कैलाश चंद्र सिंघानिया, मनोज सिंह टीकेएन, सुभाष प्रजापत सहित क्लब के सदस्य मौजूद रहे।

You might also like