स्काउट-गाइड ट्रेनर्स ने देखा पिलानी का वैज्ञानिक वैभव, प्रकृति व विरासत से हुए रूबरू
सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड राज्य मुख्यालय जयपुर के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय ट्रेनर्स मीट के दूसरे दिन प्रदेशभर से आए लीडर ट्रेनर्स ने झुंझुनूं जिले के बगड़, चिड़ावा और पिलानी क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने प्रकृति, ऐतिहासिक धरोहर, धार्मिक स्थलों और वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़े संस्थानों का अवलोकन किया। राज्य प्रशिक्षण आयुक्त
बन्नालाल ने बताया कि जिला मुख्यालय से ट्रेनर्स के दल को रवाना किया गया। बगड़ स्थित ज्योति विद्यापीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल में संस्था निदेशक चिरंजीलाल सैनी के नेतृत्व में स्काउट-गाइड अधिकारियों का स्वागत किया गया। इसके बाद दल ने पिलानी स्थित बिट्स म्यूजियम, बिरला म्यूजियम, सरस्वती मंदिर और पंचवटी का भ्रमण कर वैज्ञानिक अनुसंधान, इतिहास और संस्कृति की जानकारी ली।
स्काउटिंग से होता है चरित्र निर्माण
बिरला स्कूल पिलानी में आयोजित कार्यक्रम में राज्य प्रशिक्षण आयुक्त बन्नालाल ने कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियां बच्चों के चारित्रिक, सामाजिक, आध्यात्मिक, मानसिक और शारीरिक विकास का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग केवल प्रशिक्षण नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण की कार्यशाला है।
बालिकाओं को जोडऩे पर दिया जोर चिड़ावा में प्रधानाचार्य एवं प्रभारी कमिश्नर गाइड सरोज दाधीच के नेतृत्व में सभी ट्रेनर्स का स्वागत किया गया। उन्होंने अधिक से अधिक बालिकाओं को स्काउट-गाइड संगठन से जोडऩे पर जोर देते हुए कहा कि यह गतिविधियां संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक तैयार करती हैं। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी डॉ. उमादत्त झाझडिय़ा ने भी स्काउट-गाइड गतिविधियों को और अधिक प्रोत्साहन देने की आवश्यकता बताई।
कई अधिकारी और शिक्षाविद रहे मौजूद
कार्यक्रम में बिरला स्कूल के प्रधानाचार्य वीरेंद्र सिंह, बिरला पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य अचला वर्मा, बाल निकेतन पब्लिक स्कूल की प्राचार्य शोभा वर्मा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राधेश्याम जीनागल, स्थानीय संघ सचिव श्यामलाल इंदौरिया, राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) सुयश लोढ़ा, स्टेट कमिश्नर रघुवीर सिंह शेखावत, महेंद्र सिंह, अनीता कटेवा, विजेता नेहरा, चिरंजीलाल शर्मा, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष जयसिंह मांठ, सुरेश पायल, संदीप कुमार, सुनील कुमार सहित प्रदेशभर के लीडर ट्रेनर्स मौजूद रहे।